पानी की बूँद बूँद को तरस रहे 8 गांवों के वासी
ग्राम पंचायत सेवड़ा चण्डी के 8 गांव के लोग इन दिनों पानी की एक एक बूंद के लिए तरस रहे है। पानी न होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। माँगल-च्याण्डा उठाऊ पेय जल योजना से सेवड़ा चण्डी पंचायत के पजीणा, मंडप, परयाब, चीलाउणी, कांगरी, सोरा व खाली सहित अन्य गांव के लोगों की इस पेयजल योजना से प्यास बुझती है। इन गांवों के करीब डेढ़ हजार लोग को योजना के तहत पानी न मिलने से दूर-दूर जाकर प्राकृतिक जल स्त्रोत व हैंपपम्प का सहारा लेना पड़ रहा है। सेवड़ा चण्डी पंचायत के उप प्रधान जय चन्द शर्मा व स्थानीय लोग यशपाल, भगतराम, नेकराम, सुरेश कुमार, राजेन्द्र, लीला दत्त, नीलम देव, राज कुमार, सुनील, चिंगु राम, भीम चन्द, किरपा राम, नीम चन्द, अमीर चन्द का कहना है कि उन्हें एक सप्ताह से पानी नहीं मिल रहा है। वहीं यह पेयजल योजना महीने में छह दिन चलती है और अधिकतर समय तक खराब रहती है। लोगों ने कहा कि उन्हें पहले रोजाना पानी मिलता था लेकिन अब हर तीसरे दिन पानी मुहैया करवाया जाता है। उन्होंने कहा कि पेयजल योजना में पर्याप्त पानी होने के बावजूद भी अब स्थिति ऐसी हो गई है कि एक सप्ताह से उनके नल में एक भी बून्द पानी की नही आ रही है, सेवड़ा चण्डी के उप प्रधान जय चन्द शर्मा ने कहा वे इस समस्या को लेकर कई बार विभाग के आला अधिकारियों को बता चुके है लेकिन अभी तक उनकी समस्या का हल नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि इस को लेकर लोगों में रोष है।
जब इस बारे जल शक्ति विभाग दाड़लाघाट के एसडीओ महेश कुमार शर्मा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि बिजली के ट्रांसफार्मर की क्वाइल जलने के कारण स्कीम नहीं चल पा रही है जिस कारण लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर को ठीक करवाया जा रहा है जल्द ही लोगों को पानी उपलब्ध हो जाएगा।
