सोलन में बस यात्री से 10.01 ग्राम चिट्टा बरामद, गिरफ्तार
जिला सोलन के धर्मपुर क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, 16 फरवरी 2026 को जिला पुलिस की एसआईयू (SIU) टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि चंडीगढ़ से शिमला जा रही उत्तराखंड परिवहन की एक बस में मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने धर्मपुर क्षेत्र में बस को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान बस में सवार एक युवक के कब्जे से 10.01 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई।
आरोपी की पहचान दीपक (30) पुत्र भगत राम, निवासी गांव दोलग, तहसील कंडाघाट, जिला सोलन के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को 17 फरवरी 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। साथ ही उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।
