कुनिहार : शिवरात्रि के उपलक्ष्य पर 11 दिवसीय शिव महापुराण कथा का आयोजन
रंजीत सिंह। कुनिहार
प्राचीन शिव तांडव गुफा कुनिहार में गुफा विकास समिति व शम्भू परिवार के सौजन्य से गुफा प्रांगण में शिवरात्रि पर्व के उपलक्ष पर 11 दिवसीय शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। समिति अध्यक्ष रामरतन तनवर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कथा का आयोजन 18 से 28 फरवरी तक किया जाएगा। जिसे धुन्धन अर्की के कथा वाचक ब्यास पंडित नागेश कपिल अपनी मधुरवाणी से श्रोताओं को सुनाएंगे। उन्होंने बताया कि 18 फरवरी को सुबह 9 बजे कलश व पुराण यात्रा कुनिहार बाजार से शिव गुफा तक निकाली जाएगी। कथा का समय प्रतिदिन 1 से 4 बजे तक रहेगा तथा कथा के उपरांत 4 से 6 बजे तक नित्य भंडारे का प्रसाद वितरित किया जाएगा। पहली मार्च को शिवरात्रि पर्व हर वर्ष की भांति धूमधाम से मनाया जाएगा।
समिति व शम्भू परिवार ने सभी शिव भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने की अपील की है। अध्यक्ष ने बताया कि रविवार 13 फरवरी को जेष्ठ सोमवार के उपलक्ष में दो दिवसीय राम चरित मानस कथा के पाठ का शुभारंभ होगा, जिसे 14 फरवरी जेष्ठ सोमवार हवन व पूजा-अर्चना के साथ विराम दिया जाएगा। इस दिन क्षेत्र वासियों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन भी समिति द्वारा किया जाएगा। इसी दिन सायं 5 बजे शिवरात्रि पर्व पर होने वाली 11 दिवसीय शिवमहापुराण कथा के संदर्भ में बैठक रखी गई है, जिसमें सभी सदस्यों से अपील की गई है कि बैठक में पहुंचकर सभी के विचारों व सुझावों से कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
