कुनिहार के नवोदय स्कूल में एक साथ 15 बच्चे पाए गए कोरोना पॉजिटिव
कुछ दिनों पहले कुनिहार के मिडल स्कूल सिहांवाँ में एक चपरासी कोरोना पॉजिटिव आई थी, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। लेकिन सोमवार को जवाहर नवोदय विद्यालय कुनिहार में एक साथ 15 बच्चों के पॉजिटिव आने से क्षेत्र में एक बार फिर कोरोना का ख़ौफ़ पनप रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 2 दिन पहले नवोदय विद्यालय कुनिहार में 3 बच्चे कोरोना पॉजिटिव पाए गए। जिसके कारण सोमवार को डॉ दीपिका के नेतृत्व में स्वास्थ्य पर्यवेक्षक कृष्ण चन्द,आशा वर्कर मनोरमा, रंजना व नीलम ने नवोदय विद्यालय में स्टाफ सहित 97 बच्चों के कोरोना टेस्ट किए, जिसमें 15 बच्चे पॉजिटिव पाए गए। विद्यालय प्रधानाचार्य केके यादव ने बताया कि 3 बच्चों के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम विद्यालय में स्टाफ व बच्चों के कोरोना टेस्ट कर रहे हैं। पॉजिटिव आए बच्चों को स्कूल में ही आइसोलेट कर दिया है। अभी और बच्चों के टेस्ट भी किए जाने है तब तक बाकी बच्चों को होस्टल में ही रखा जाएगा। बीएमओ अर्की राधा शर्मा ने बताया कि 2 दिन पहले नवोदय विद्यालय कुनिहार में 3 व गुरुकुल विद्यालय में 1 बच्चा कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे इस लिए इन दोनों विद्यालयों में स्टाफ व बच्चों के टेस्ट करवाए जा रहे हैं। सोमवार को नवोदय विद्यालय में 97 सैम्पल लिए गए, जिसमें 15 बच्चे पॉजिटिव पाए गए है। बाकी टेस्ट मंगलवार को किए जाएगें। पॉजिटिव आए बच्चों को विद्यालय में ही आईसोलेट कर दिया गया है। एसडीएम अर्की को भी इस बारे में सूचित किया गया है। इतनी बड़ी संख्या में बच्चों के पॉजिटिव आने से विद्यालय को कटेन्मेंट ज़ोन बनाया जा सकता है।
