17 सालो में सबसे बड़ी बरामदगी, 42 किलो चरस के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार
वीरवार कुल्लू पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक व्यक्ति को 42 किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया है।
बंजार थाना की टीम ने हेड कांस्टेबल जगदीश के नेतृत्व में फागू पुल के पास चेकिंग के दौरान पिकअप एचपी 41-0675 के चालक, लीलाधर पुत्र सुदर्शन निवासी रिवालसर जिला मंडी से 42.05 किलो चरस बरामद की है। पुलिस ने उपरोक्त को गिरफ्तार कर लिया है और आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
पिछले 17 सालों में पकड़ी गई चरस की यह सबसे बड़ी खेप है। इसी के साथ कुल्लू पुलिस ने जुलाई 2019 से लेकर अब तक करीब 218 किलो चरस बरामद की है और सप्लायर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई करके उन्हें गिरफ्तार भी किया है। इससे पूर्व बंजार पुलिस टीम ने एक व्यक्ति से आठ किलो चरस बरामद की थी। इसमें बंजार पुलिस थाना की टीम लगातार ड्रग्स के बड़े बड़े माफिया को बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार कर रही है।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक कुल्लू गौरव सिंह ने बताया कि बंजार पुलिस ने 42.5 किलो चरस के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।