37वें राष्ट्रीय खेलों में हिमाचल के 176 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
-गोवा में 26 अक्तूबर को पीएम करेंगे शुभारंभ, 9 नवंबर तक होगा आयोजन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 अक्तूबर को गोवा में 37वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन करेंगे। 9 नवंबर तक आयोजित होने वाली इस खेल प्रतियोगिता के 18 इवेंट्स में हिमाचल प्रदेश के 176 खिलाड़ी व अधिकारी भाग ले रहे हैं। राष्ट्रीय खेलों में भाग लेने का नियम यह है कि केवल वहीं टीम/राज्य टीमें भाग लेने के लिए पात्र हैं, जो राष्ट्रीय चैंपियनशिप में शीर्ष आठ रैंकिंग में हैं। रमेश चौहान सचिव एचपी जूडो एसोसिएशन शेफ डी मिशन के रूप में दल का नेतृत्व करेंगे और अनुराग वर्मा जिला खेल अधिकारी युवा सेवाएं और खेल निदेशालय, कुलदीप राणा अध्यक्ष एचपी कुश्ती एसोसिएशन डिप्टी शेफ डी मिशन के रूप में दल का नेतृत्व करेंगे। विनोद कुमार और संतोष कुमार दल के साथ सहायक अधिकारी जा रहे हैं। हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के महासचिव राजेश भंडारी के अनुसार 18 सदस्यीय नेट बाल टीम पहले ही गोवा के लिए रवाना हो चुकी है क्योंकि उनका कार्यक्रम 22 अक्टूबर से शुरू हो रहा है। अन्य खिलाड़ी खेलों के अपने कार्यक्रम के अनुसार गोवा के लिए रवाना होंगे।
