29 जुलाई को लांच होगा मनोहर का "बेडिया रे ठेकेदारा" लोक गीत
बिलासपुर के युवा गायक मनोहर दरोच का बुधवार 29 जुलाई को एक गीत "बेडिया रे ठेकेदारा" लांच होने जा रहा है । इस गीत के माध्यम से मनोहर दरोच ने बिलासपुर में बने भाखड़ा डैम के दर्द को बयाँ किया है। "बेडिया रे ठेकेदारा" बिलासपुर जिले का एक सुप्रसिद्ध लोकगीत है। ये लोकगीत हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला के भाखड़ा विस्थापितों के दर्द को बयां करता है। इस लोकगीत को बहुत सारे गायकों ने अपनी अपनी आवाज़ में हर एक बड़े मंच पर गाया है। करीब दो साल पहले मनोहर दरोच ने इस गाने की रिकार्डिंग की अब जाकर इस गाने का विडियो तैयार हुआ। इस गीत की वीडियो रिकॉर्डिंग बिलासपुर के मशहूर गोविंदसागर झील लुहनु के सांडू मैदान इत्यादि महमोहक जगह पर शूट किया गया है। इस गाने को अजय भट्ट द्वारा म्युजिक दिया गया है वहीँ इस गीत का निर्देशन जितेंद्र भाटिया द्वारा किया गया।
मनोहर दरोच ने बताया कि बुधवार 29 जुलाई को यह गीत श्रुति सिनेमा यूट्यूब चैनल पर लांच होगा। गौरतलब है कि “9 अगस्त 1961 को जब भाखड़ा बांध में पानी भरना शुरू हुआ और विशाल गोबिंद सागर झील बनी उस समय पूरे बिलासपुर की आंखों में आंसू थे। तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने इस प्रॉजेक्ट को आधुनिक भारत का मंदिर करार दिया था। मगर दूसरी तरफ लोग दुखी थे, जिन्होंने अपना घर, खेत, मंदिर, मैदान इत्यादि सबकुछ डूबते हुए देखा। लोग खुद को दिलासा दे रहे थे। सब अपना सामान उठाकर नए आशियाने की तलाश में निकल गए। प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने विस्थापित लोगों को बसाने और सभी सुविधाएं देने का विश्वास दिलाया। कुछ लोगों को हरियाणा के हिसार, सिरसा और फतेहगढ़ में जमीन दी गई। लोगों को मजबूरी में अपनी बसी-बसाई दुनिया छोड़कर दूसरी जगह जाकर बसना पड़ा।
देश के लिए बिलासपुर के लोगों ने यह बड़ी कुर्बानी दी है। लगभग 350 गांवों के 52 हजार लोगों को विस्थापित किया गया था। इनमें से कुछ तो हरियाणा चले गए तो कुछ हिमाचल में अन्य जगहों पर बस गए। इन सब विस्थपितो के दर्द को इस गीत में व्यक्त किया गया है। इससे पूर्व मनोहर दरोच के "लिखे जो खत तुझे" कवर सोंग, "चल भक्ता" माता रानी का भजन, "भोले नाथ" शिव भजन मार्किट में आ चुके है जिन्हें लोगो ने खूब पसंद किया है। मनोहर दरोच का मानना है कि जिस तरह से लोगो ने उनके गीतों को अपना प्यार दिया है उसी तरह से वह सब इस गीत को भी अपना प्यार देंगे।
