पालमपुर : सैनिक विश्राम गृह में मनाया 7वीं डोगरा रेजीमेंट का 58वां स्थापना दिवस

प्रतिमा राणा। पालमपुर
सैनिक लीग कार्यालय पालमपुर नजदीक सैनिक विश्राम गृह पालमपुर में रविवार को 7वीं डोगरा रेजीमेंट का 58वां स्थापना दिवस मनाया गया। इसमें बड़ी संख्या में 7 डोगरा रेजीमेंट के सेवानिवृत्त अधिकारी, पूर्व सैनिक व परिजन शामिल रहे। कार्यक्रम की शुरुआत 7 डोगरा के कमान अधिकारी रहे सेवानिवृत्त कर्नल बीसी लगवाल, सौर्य चक्र तथा सैनिक लीग पालमपुर के अध्यक्ष अधिवक्ता सीडी सिंह गुलेरिया ने संयुक्त रूप से की। कर्नल लागवाल ने 7 डोगरा रेजीमेंट के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 15 जनवरी 1966 में सातवीं डोगरा रेजीमेंट का गठन मेरठ में हुआ था।
इस रेजीमेंट के पहले कमान अधिकारी कर्नल बलबीर सिंह दयाल और सूबेदार मेजर के पद पर सूबेदार मेजर बलबीर सिंह गुलेरिया रहे। उन्होंने बताया कि 58 वर्ष के इतिहास में रेजीमेंट ने भारतीय सेना में अनेकों कीर्तिमान स्थापित किए हैं। वहीं, सेवानिवृत्ति के बाद पूर्व सैनिकों ने बतौर सिविलियन कई उच्च पदों पर प्रशासनिक एवं विभागीय सेवाएं प्रदान कीं। 7 डोगरा रेजीमेंट इस दौरान हुए युद्धों में दुश्मनों को सबक सिखाया। यहां तक कि ऑपरेशन ब्लू स्टार, ओपी पवन और कारगिल युद्ध में हमारे सैनिकों ने बेहतर प्रदर्शन किया।