पंचायती राज संस्थाओं के लिए कुनिहार विकास खण्ड में तृतीय चरण में 84.31 प्रतिशत मतदान
सोलन जिला के विकास खण्ड कुनिहार में पंचायती राज संस्थाओं के तृतीय चरण में कुल 84.31 प्रतिशत मतदान हुआ। यह जानकारी आज यहां जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त सोलन के.सी. चमन ने दी। उन्होंने कहा कि तृतीय चरण के लिए आज जिला के कुनिहार विकास खण्ड की 18 ग्राम पंचायतों में मतदान सम्पन्न हुआ। विकास खण्ड कुनिहार की ग्राम पंचायत कशलोग, कोटलू, चाखड़, संघोई, दांवटी, रोहांज जलाणा, कुनिहार, बखालग, पारनु, डूमैहर, बरायली, बड़ोग, बेरल, दधोगी, देवरा, मटेरनी, सानण तथा सरली में मतदान हुआ।
उन्होंने कहा कि विकास खण्ड कुनिहार की 18 ग्राम पंचायतों के 100 मतदान केन्द्रों पर 21988 मतदाताओं में से कुल 18537 व्यक्तियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 9276 महिलाओं तथा 9261 पुरूषों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कुनिहार विकास खण्ड में 17 जनवरी, 2021 को प्रथम चरण में 81.23 प्रतिशत, 19 जनवरी, 2021 को द्वितीय चरण में 80.40 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
