सामाजिक सुरक्षा पेंशन पर व्यय हो रहे 875 करोड़- विपिन सिंह परमार

सुलह विधान सभा क्षेत्र के अंतर्गत खरौठ निवासी गुरदेव सिंह की सांप काटने से हुई मृत्यु के बाद उसकी धर्मपत्नी दया देवी को विधान सभा अध्यक्ष, विपिन सिंह परमार ने प्रदेश सरकार के रिलीफ मैन्युअल के तहत 4 लाख रुपये की राहत राशि का चैक भेंट किया। विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार, प्रदेश के कमज़ोर वर्गों के कल्याण के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आर्थिक रूप से कमज़ोर और जरूरतमंद लोगों की हर संभव सहायता करने का प्रयास कर उन्हें राहत देने का प्रयास कर रही है। सुलह हलके में जरूरतमंद लोगों को इलाज़, बच्चों को पढ़ाई खर्च और बेटियों की शादी इत्यादि के लिए करोड़ों रुपये की सहायता सरकार से उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने लोगों के कल्याण के लिए स्वर्ण जयन्ती आश्रय योजना/अनुसूचित जाति कल्याण ‘‘स्वर्ण जयन्ती आश्रय योजना’’ आरंभ कर 12 हज़ार लाभार्थियों को मूलभूत सुविधाओं से परिपूर्ण आवास देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने बताया कि 2022 तक अनुसूचित जाति वर्ग के सभी पात्र आवेदकों को घर की सुविधा उपलब्ध करवा दी जाएगी। स्वर्ण जयन्ती आश्रय योजना हेतु 180 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
परमार ने कहा कि सरकार ने शगुन नाम से महत्वपूर्ण योजना आरंभ की है जिसमें अर्थिक रूप से साधन विहिन परिवारों की बेटियों की शादी के 31 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी और इसके लिए 50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश के 5,77,000 लोगों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान की जा रही है जिस पर राज्य सरकार 875 करोड़ रुपये का वार्षिक व्यय किए जा रहे हैं। विधान सभा अध्यक्ष ने इस अवसर पर सुलह विधान सभा क्षेत्र के अंतर्गत अपने निवास स्थान ननाओं में लोगों की समस्याओं का निपटारा किया और अधिकारियों को भी आदेश दिए कि जनसमस्याओं को प्राथमिकता पर समयबद्ध हल करें।