कोविड-19 के कारण हुई थी बाबा की मृत्यु , समाधि देने पर 14 के खिलाफ मामला दर्ज
जिला सोलन के अर्की में कोरोना के चलते दम तोड़ने वाले बाबा कृपाल भारती को प्रशासन को बिना सूचना दिए समाधि दे दी गई। इसमें कोविड-19 अंतिम संस्कार प्रोटोकॉल की अवहेलना के चलते 14 लोगों के खिलाफ आपदा प्रबंधन एक्ट 2005 के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। अर्की के लुटरू महादेव गुफा में रहने वाले 69 वर्षीय बाबा एमएमयू कुमारहट्टी में उपचारधीन थे। वीरवार को बाबा का निधन हो गया। अर्की पुलिस ने एसडीएम विकास शुक्ला की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। नगर पंचायत के अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने प्रशासन के आधिकारिक वाट्सएप ग्रुप में समाधि देने को लेकर जानकारी दी। शिकायत में कहा गया था कि बाबा को मृत्यु के पश्चात मंदिर परिसर में लाया गया था। बकायदा पूर्ण रीति रिवाज के साथ समाधि दी गई है।
