शिमला में लम्बे समय से नशा तस्करी में संलिप्त महिला गिरफ्तार, कमेंट में खबर
जिला शिमला के रोहड़ू क्षेत्र में काफी समय से एक महिला नशे की छोटी-छोटी मात्रा की तस्करी में संलिप्त थी, जो मुकदमा जमानती होने का फायदा उठाकर लगातार इस गतिविधि में लगी हुई थी। आरोपी महिला के खिलाफ अभियोग संख्या 19/2023, थाना रोहड़ू, जिला शिमला में धारा 20 एनडीपीएस अधिनियम के तहत 31.27 ग्राम चरस की बरामदगी के संबंध में मामला दर्ज किया गया था।
आरोपी महिला की पहचान सावरनु, निवासी समाला, तहसील रोहड़ू, जिला शिमला के रूप में हुई थी। उक्त प्रकरण में आरोपी को विधि अनुसार धारा 41A दंड प्रक्रिया संहिता के तहत नोटिस जारी किया गया था। इसके बावजूद आरोपी द्वारा नोटिस की शर्तों का उल्लंघन करते हुए मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्तता जारी रखी गई तथा उसके विरुद्ध एक अन्य मामला अभियोग संख्या 151/2025, धारा 21 एनडीपीएस अधिनियम के तहत पंजीकृत किया गया।
उपरोक्त परिस्थितियों के दृष्टिगत पुलिस थाना रोहड़ू द्वारा माननीय न्यायालय के समक्ष धारा 41A दंड प्रक्रिया संहिता के तहत जारी नोटिस को निरस्त करने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसे माननीय न्यायालय द्वारा स्वीकार करते हुए नोटिस निरस्त कर दिया गया। इसके उपरांत आरोपी को अभियोग में गिरफ्तार कर लिया गया।
