शिमला : आम आदमी पार्टी ने ठोकी चुनावी ताल, जारी की उम्मीदवारों की पहली लिस्ट
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने अपने प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में पहले नंबर पर जिला कांगड़ा के फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा से पूर्व सांसद रहे डाक्टर राजन सुशांत को टिकट दिया गया है। गौरतलब है कि डॉक्टर राजन सुंशात चार बार विधायक, एक बार मंत्री व एक बार सांसद रहे। सुशांत पहली बार 1982 से 1985 तक भाजपा के विधायक रहे थे। इसके बाद 1985-1990, 1998-2003 व 2007-2009 तक भाजपा के विधायक रहे। 1998-2003 में भाजपा सरकार के कार्यकाल में उन्हें राजस्व मंत्री का पद सौंपा गया था। 2009 में वह सांसद बने। पार्टी के खिलाफ कार्य करने पर उन्हें निलंबित कर दिया था। अपने राजनीतिक करियर में डॉक्टर सुशांत चार बार पार्टी बदल चुके है। 2014 में वह आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। दो साल तक पार्टी में कार्य करने के बाद उन्होंने 31 जनवरी 2016 को आप से त्यागपत्र दे दिया। इसके बाद वह किसी भी पार्टी से नहीं जुड़े। 2020 में उन्होंने पौंग बांध विस्थापितों का साथ लेकर हमारी पार्टी हिमाचल पार्टी बनाई। वर्ष 2021 में उन्होंने फतेहपुर उपचुनाव अपनी पार्टी से लड़ा। इसके बाद डॉक्टर सुशांत ने अपनी पार्टी भी छोड़ दी। अब फिर एक राजन सुशांत ने आप का दामन थाम लिया है। आप ने नगरोटा बगवां से उमाकांत डोगरा को मैदान में उतरा है। उमाकांत डोगरा पूर्व में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रहे है। उन्होंने कांग्रेस का हाथ छोड़ आप का दामन थाम लिया था। उमाकांत डोगरा अरविन्द केजरीवाल के करीबी माने जाते है। वहीं सिरमौर के पांवटा साहिब से मनीष ठाकुर और लाहुल स्पीति से सुदर्शन जस्पा को प्रत्याशी घोषित किया गया है। बता दें कि आम आदमी पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में अब तक कुल 11 गारंटी दी हैं। 10 गारंटी देने की घोषणा हिमाचल में दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने की। आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल खुद गारंटी कार्यक्रम में नहीं आ पाए। लेकिन अब जल्द ही उनकी जनसभा हिमाचल में होगी।