दाड़लाघाट : आम आदमी पार्टी ने दाड़लाघाट में निकाली बदलाव यात्रा
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट
आम आदमी पार्टी ने अर्की विधानसभा क्षेत्र के दाड़लाघाट में मंगलवार को बदलाव यात्रा निकाली। यात्रा की अध्यक्षता आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर ने की। कार्यकर्ताओं ने बदलाव यात्रा आईटीआई दाड़ला से होते हुए स्यार पेट्रोल पंप से वापस बस स्टैंड दाड़ला तक रोड शो निकाला। बदलाव यात्रा के दौरान हुए जनसंवाद में प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर ने जनता से कहा कि प्रदेश के विकास, बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य की सुविधाओं के लिए केजरीवाल को एक मौका दो। प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था बेहतर होगी, तो बच्चों का भविष्य भी सुधरेगा। प्रदेश में दिल्ली मॉडल पर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विकास होगा। 'आप' नेता जीत राम शर्मा और वीरेंद्र राठौर ने कहा कि प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस पार्टी एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। दोनों ही दलों ने वोट की राजनीति कर सत्ता का सुख भोगा। प्रदेश में बेरोजगारी और महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए दोनों ही पार्टियां नाकाम साबित हुईं। इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर, प्रवक्ता मनीष ठाकुर, वीरेंद्र राठौर, जीतराम शर्मा, अशोके, धर्मपाल व सुरेश सहित अन्य मौजूद रहे।
