एबीवीपी 5 नवंबर को करवाएगी स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता : नेगी
-प्रतियोगिता के लिए 3 अक्तूबर से शुरू होगा पंजीकरण
-अव्वल रहने वाले विद्यार्थियों को दिए जाएंगे 6,27,800 रुपये के पुरस्कार
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश मंत्री आकाश नेगी ने कहा है कि परिषद हिमाचल में 5 नंबवर को स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन करने जा रही है।
उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में कोरोना काल से पहले भी यह प्रतियोगिता करवाई जाती थी, लेकिन कोरोना वायरस के चलते यह प्रतियोगिता नहीं हो पाई। उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में 9वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थी ही भाग ले सकते हंै। उसके लिए विद्यार्थियों को परीक्षा देने के लिए अपना पंजीकरण करवाना पड़ता है। पंजीकरण का शुल्क 20 रुपये है, जो कि 3 अक्तूबर से 15 अक्तूबर तक विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं से करवा सकते हैं। इस प्रतियोगिता में 100 प्रश्न पूछे जाएंगे।
प्रतियोगिता में विश्व, भारत व हिमाचल प्रदेश का सामान्य ज्ञान, जनरल साइंस, भाषाएं-संस्कृत, हिंदी, इंग्लिश, भारतीय स्वतंत्रता संग्राम, भारतीय धर्म और संस्कृति, खेल, करंट अफेयर्स व रीजनिंग एविलीटी के प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रतियोगिता में 6,27,800 रुपये के पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। अव्वल आने वाले विद्यार्थियों को 12 जनवरी, 2024 को पुरस्कृत किया जाएगा।
