दाड़लाघाट : हवन-यज्ञ के साथ शुरू हुआ धुंदन स्कूल का शैक्षणिक सत्र 2022-23
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में नव शैक्षणिक सत्र 2022-23 का शुभारंभ हवन-यज्ञ के साथ किया गया।आचार्य धर्मपाल की अगुवाई में विद्यालय प्रांगण में हवन कुंड निर्माण कर हवन यज्ञ करवाया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर सहित समस्त अध्यापक, एसएमसी सदस्यों व छात्र-छात्राओं ने हवन कुंड में आहुतियां डालीं। सर्वे भवंतु सुखिनः सर्वे संतु निरामयाः की कामना करते हुए भविष्य में कोरोना महामारी विद्यार्थियों की शिक्षा में बाधा न बने, विद्यालय में शिक्षा का वातावरण विद्यार्थियों के अनुकूल बना रहे, परिवार,समाज व देश की सुख समृद्धि व कल्याण एवं कोरोना महामारी से मुक्ति की कामना के लिए विद्यालय परिवार ने हवन कुंड में अपनी आहुतियां डाली।माता की आरती के साथ हवन यज्ञ का समापन हुआ।इस दौरान सभी के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने बताया कि कोरोना महामारी के संक्रमण के कारण लगभग दो वर्षों से छात्र-छात्राओं का पठन-पाठन कार्य काफी बाधित रहा। नए सत्र में छात्र-छात्राओं का पठन-पाठन कार्य सुचारू रूप से की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से विद्यालय को सुचारू रूप से चलाने के लिए सहयोग की अपेक्षा की है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दुनिया में दोबारा ऐसी कोई भयावह महामारी या आपदा न आए। इस अवसर पर प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर, एसएमसी प्रधान नीम चंद ठाकुर, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य केसी शर्मा, रत्न सिंह कंवर, शिव राम वर्मा, उपप्रधान धुंदन मदन लाल शर्मा, कुनिहार बीडीसी के उपाध्यक्ष मनोहर लाल सोनू, एसएमसी सदस्य नरेंद्र हांडा, त्रिलोक ठाकुर, गीता राम, मेहर चंद बट्टू, राजेंद्र ठाकुर, लता, सरिता, ममता, अंबिका, आचार्य धर्मपाल व हवन यज्ञ आचार्य ईश्वर दत्त सहित विद्यालय परिवार मौजूद रहा।
