कुनिहार : जाबल झमरोट के शिव मंदिर में शिव महापुराण कथा में आचार्य ने सुनाए शिव-शक्ति के प्रसंग
रंजीत ठाकुर । कुनिहार
कुनिहार के समीप जाबल झमरोट पंचायत के प्राचीन शिव मंदिर में मंदिर निर्माण कमेटी के सौजन्य से शिवरात्रि के उपलक्ष्य में करवाई जा रही 11 दिवसीय शिव महापुराण कथा के तीसरे दिन कथा वाचक चंद्रशेखर शर्मा ने भगवान शिव की महिमा का गुणगान करते हुए शिव-शक्ति का प्रषंग अपनी मधुर वाणी से श्रोताओं को सुनाया। शिव-शक्ति की कैसे आराधना कर उसे प्राप्त किया जा सकता है के बारे प्रसंग में विस्तार से बताया। आचार्य ने बताया कि शिव की सच्चे मन से की गई भक्ति से मनुष्य सभी पापों व दुखों से मुक्ति पा लेता है। कथा के दौरान आचार्य ने जंहा शिव व ब्रह्मा तथा रामचरितमानस व श्री कृष्ण की महिमा का गुणगान किया, तो वहीं, अलग-अलग तरह के रुद्राक्ष धारण करने के लाभ भी श्रोताओं को बताए।
कमेटी प्रधान श्री राम परिहार व महासचिव बीरबल परिहार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कथा 19 फरवरी तक रहेगी। कथा में दूर-दूर से भारी संख्या में श्रोता पहुंच रहे हैं तथा प्रतिदिन कमेटी द्वारा कथा के उपरांत भण्डारे का आयोजन किया जा रहा है। यह जानकारी डीडी कश्यप पूर्व बीडीसी सदस्य ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से सांय 4 बजे तक का है।
