दाड़लाघाट : लंबे अरसे के बाद सिरे चढ़ी बस स्टैंड की मांग
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट
दाड़लाघाट क्षेत्र में लंबे अरसे से चल रही बस स्टैंड की मांग शनिवार को सिरे चढ़ गई। हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता मदन लाल चौहान की मौजूदगी में खाद डिपू व निर्माण कार्य पुलिस थाना के बीच में नए बस स्टैंड के लिए प्रस्तावित स्थल पर भूमि पूजन के साथ निर्माण कार्य आरंभ हो गया। बस स्टैंड का भूमि पूजन पुरोहित राजू पंडित ने करवाया। करीब 10 करोड़ की लागत से सात बीघा की भूमि पर बस स्टैंड का निर्माण कार्य 1 वर्ष में पूरा होगा। लंबे अरसे से चल रही इस मांग को पूरा होने व भूमि पूजन के साथ निर्माण कार्य का आरंभ होने पर स्थानीय ग्रामीणों ने एचआरटीसी का आभार जताया है।
स्थानीय निवासियों ने कहा कि भूमि पूजन के साथ निर्माण कार्य शुरू होने के साथ ही पुराना सपना साकार हो गया है। इस दौरान प्रधिकरण के एक्सईएन एमएल चौहान, ठेकेदार अरुण कुमार, पंचायत प्रधान बंसी राम भाटिया, उपप्रधान हेमराज ठाकुर, पंचायत सदस्य अमरा देई, पुरोहित राजू पंडित, नंबरदार स्यार कुलदीप चंदेल, पूर्व उपप्रधान लेखराज चंदेल, वेद शुक्ला, अरुण शुक्ला, कमलकांत, राम रत्न, काकू बंसल, तिलक शर्मा, लेखराज ठाकुर, विकास कौशल व कर्ण शुक्ला सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
