दाड़लाघाट : एक सप्ताह बाद मौसम ने की करवट, जमकर हुई बर्फबारी
फर्स्ट वर्डिक्ट। दाड़लाघाट
दाड़लाघाट के बाड़ीधार, चौरटू, सरयांज, घनागुघाट, शिवनगर, कराडाघाट, शावग, कठपोल टिब्बा, ध्यानपुर, कांगरीधार सहित हरसंग धार में शुक्रवार को जमकर बर्फबारी देखने को मिली। वहीं, दूसरी ओर दाड़लाघाट व आसपास के क्षेत्राें में बर्फ के फाहे बीच-बीच में गिरते हुए नजर आए। वहीं, बीच बीच में बारिश का दौर भी जारी रहा। गौर रहे तकरीबन एक सप्ताह बीत जाने के बाद मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। बारिश के साथ बर्फ के फाहे भी देखने को मिल रहे हैं।
लोग कई वर्षों बाद इस नजारे को देखने के लिए लालायित हो रहे हैं। इस दौरान बर्फ देखने के लिए ग्रामीणों ने जहां बाड़ीधार व शिवनगर, घनागुघाट जाकर आनंद लिया। वहीं, पिछले कल से हो रही बारिश से जहां ठंडक बढ़ गई, तो साथ ही साथ ऊपरी पहाड़ियों पर बर्फ से तापमान में गिरावट भी देखने को आई है। बाजारों में लोगों की चहलकदमी भी कम ही देखने को मिली। स्थानीय लोग मुकेश, अनिल, दीपराम, कमलेश, बिज्जू, दिलाराम, कब्बू,पिंकू व दीपक वशिष्ट आदि का कहना है कि इस बार यहां पिछले साल के मुकाबले ज्यादा बर्फबारी हुई है। वहीं, मौसम में तापमान की गिरावट से लोग कमरों में दुबके रहे, तो युवा और बच्चे बर्फ में मस्ती करते नजर आए। लोगों के अनुसार यदि रबी फसलों की बात की जाए, तो गेहूं मटर जैसी फसलों के लिए यह बर्फबारी काफी हद तक फायदेमंद मानी जा रही है। कुल मिलाकर फरवरी माह की शुरुआत कई वर्षों पश्चात स्थानीय लोगों को बर्फ के रूप में खुशी की सौगात लाई है।
