बर्फबारी थमने के बाद अवरूद्ध मार्गो को खोलने का किया जाएगा काम - डीसी
फर्स्ट वर्डिक्ट। रिकांगपिओ
जनजातीय क्षेत्र जिला किन्नौर में बुधवार देर रात से हो रहा हिमपात शुक्रवार को भी जारी रहा, हलांकि शुक्रवार को मौसम में थोड़ा बदलाब हुआ तथा हिमपात भी कम हुआ परन्तु ऊंचाई व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रूक रूक कर हिमपात व निचले क्षेत्रों में बारिश जारी रही । इस हिमपात से तापमान में भी गिरावट आई है जिससे जिले में शीत लहर का प्रकोप भी बढ़ गया है । इस हिमपात से ऊंचाई वाले ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन काफी प्रभावित हुआ है क्योंकि इस हिमपात से ऊंचाई वाले क्षेत्रों के अधिकतर संपर्क सड़क मार्ग अबरुद्ध हो गए हैं जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है तथा लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाना मुश्किल हो गया। जिला में हुए इस हिमपात के कारण जिला के लगभग 26 सम्पर्क सड़क मार्ग पूरी तरह अबरुद्ध हो गए हैं जिससे लोगों को परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है ।
उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि जिला में पिछले दो दिनों से बर्फबारी जारी है तथा इस हिमपात से जनजीवन भी काफी प्रभावित हुआ है । उन्होंने यह भी बताया कि ऊपरी क्षेत्रों में 5 इंच से लेकर 1 फुट तक हिमपात हुआ है जिससे लगभग 26 सम्पर्क सड़क मार्ग अबरुद्ध हो गए हैं । उपायुक्त ने बताया कि एन एच , ग्रिफ व लोकनिर्माण विभाग मशिनिरियों के साथ अलर्ट पर हैं परन्तु जिला में अभी तक हिमपात जारी है तथा जैसे ही बर्फबारी रुकेगी बैसे ही सड़क मार्गों को बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
