कांग्रेस सत्ता में आई तो अग्निवीर योजना होगी बंद : अभय दुबे
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने अग्निपथ योजना को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस ने इस योजना को सैनिकों के खिलाफ बताया है और सत्ता में आने पर इसको बंद करने की बात कही है। शिमला में प्रेस वार्ता में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे ने कहा कि सैनिकों की शहादत पर वोट मांगने वाले पीएम मोदी की केंद्र सरकार सैनिकों के हितों से खिलवाड़ कर रही है।
अग्निपथ योजना सेना के जवानों के साथ अन्याय है, जिसके खिलाफ राहुल गांधी ने 31 जनवरी को जय जवान अभियान की शुरुआत की है। मुहिम के जरिए सेना में भर्ती की पुरानी प्रक्रिया को बहाल करने की मांग की जा रही है।
वहीं, समान नागरिक संहिता पर अभय दुबे ने कहा कि यूसीसी के मामले में बाबा साहेब अंबेडकर के विचार पर अमल होना चाहिए। इसके अलावा कांग्रेस के पुराने साथी नेताओं के भाजपा में शामिल होने पर दुबे ने कहा कि ये सभी नेता ईडी की कार्रवाई से बचने के लिए भाजपा में शामिल हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राष्ट्र्रव्यापी आंदोलन छेड़ने का फैसला किया है और इस आंदोलन को तीन चरणों में विभाजित किया है। इसमें पहले चरण में जनसंपर्क अभियान पहली फरवरी से शुरू हो चुका है। दूसरे चरण में पांच से दस मार्च तक सत्याग्रह आंदोलन छेड़ा जाएगा। वहीं, तीसरे चरण में न्याय यात्रा निकाली जाएगी। इसमें सभी जिलों में 50 किलोमीटर की पैदल यात्रा शामिल रहेगी। यह यात्रा 17 से 20 मार्च तक आयोजित होगी। सभी जिलों में सैनिकों के लिए न्याय यात्रा का नाम दिया गया है।