सोलन : प्रदेश का सर्वांगीण विकास सरकार का उद्देश्य : संजय अवस्थी
मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने कहा कि वर्तमान सरकार का मुख्य उद्देश्य हिमाचल प्रदेश को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाकर राज्य का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित बनाना है। संजय अवस्थी गत सांय अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सरली और चिल्लड़ में जन समस्याओं के निवारण के उपरांत उपस्थित जन समूह को संबोधित कर रहे थे।
संजय अवस्थी ने इससे पूर्व ग्राम पंचायत सरली में स्थानीय युवक मंडल द्वारा आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया। उन्होेंने इससे पूर्व ग्राम पंचायत सरली में मां नैना देवी माता मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने ग्राम पंचायत चिल्लड़ में माता शेरां वाली माता मंदिर में झंडा अर्पित किया और सभी के सुख, समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना की।
अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के संवेदनशील नेतृत्व में राज्य सरकार वित्तीय अनुशासन अपनाकर प्रदेश को आर्थिक संकट से उबारने के लिए कार्यरत है। उन्होंने कहा कि हिमाचल को हरित ऊर्जा से परिपूर्ण राज्य बनाना इस दिशा में अत्यन्त महत्वपूर्ण है। ग्रीन एनर्जी से युक्त हिमाचल भविष्य में इस दिशा में देश को राह दिखाएगा।
उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि हिमाचल को आत्मनिर्भर एवं खुशहाल बनाने में प्रदेश सरकार को सहयोग प्रदान करें और राज्य सरकार की योजनाओं से लाभ उठाएं। अवस्थी ने युवाओं से आग्रह किया कि खेल एवं व्यायाम के माध्यम से स्वयं को अनुशासित और ऊर्जावन बनाएं तथा सदैव नशे से दूर रहेें। उन्होंने सरली युवक मण्डल को क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए बधाई दी और आशा जताई कि युवक मंडल भविष्य में और वृहद स्तर पर प्रतियोगिता को आयोजित करेगा। उन्होंने विजेताओं को सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर कांग्रेस अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, जिला कांग्रेस समिति सोलन के सचिव प्यारे लाल, खंड कांगेस समिति अर्की महासचिव कमलेश शर्मा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष विमला ठाकुर, ग्राम पंचायत चिल्लड़ के प्रधान मदन, ग्राम पंचायत दिग्गल के प्रधान पवन कुमार, ग्राम पंचायत सरली के प्रधान शंकर लाल, ग्राम पंचायत बड़ोग के प्रधान सुरेंद्र कुमार, ग्राम पंचायत क्यार कनैता के प्रधान रघुराज पराशर, अन्य पंचायत प्रतिनिधि, अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
