कोरोना संकट में समाज के सभी वर्गों ने किया सराहनीय कार्य-बिक्रम सिंह
उद्योग, परिवहन तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि कोविड-19 संकटकाल में समाज के सभी वर्गों ने सराहनीय कार्य किया है और कोरोना योद्धाओं का सम्मान जन-जन का सम्मान है। बिक्रम सिंह आज यहां प्रेस क्लब सोलन द्वारा कोरोना योद्धाओं के सम्मान में आयोजित समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। बिक्रम सिंह ने कहा कि कोविड-19 संकट के कारण पूरे विश्व को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ा है। अभी भी कोरोना का संकट टला नहीं है। उन्होंने कहा कि इस संकट के कारण समाज के विभिन्न वर्गों को अनेक परेशानियां झेलनी पड़ी हैं। केन्द्र और राज्य सरकार ने इस दिशा में योजनाबद्ध कार्य कर लोगों को राहत पहुंचाने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना सहित केन्द्र सरकार द्वारा विभिन्न वर्गों के लिए जारी वित्तीय पैकेज लक्षित वर्गों के लिए सुकूनदायक सिद्ध हुए हैं। उद्योग मंत्री ने कहा कि पत्रकार समाज, प्रशासन और सरकार के मध्य महत्वपूर्ण कड़ी हैं। पत्रकार जहां जन-जन तक कल्याणकारी योजनओं की जानकारी पहुंचाते हैं वहीं अपनी लेखनी के माध्यम से कमियों को भी उजाकर करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब सोलन द्वारा कोरोना योद्धाओं का सम्मान समाज के सभी वर्गों को संकट से ग्रस्त व्यक्तियों की सहायता के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने प्रेस क्लब सोलन को इस पुनीत कार्य के लिए बधाई दी और आशा जताई कि प्रेस क्लब सोलन भविष्य में भी समाज के विभिन्न वर्गों को संबल प्रदान करने के लिए कार्यरत रहेगा।
दून के विधायक परमजीत सिंह पम्मी, प्रदेश खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरूषोत्तम गुलेरिया, पूर्व सांसद एवं प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष प्रो. वीरेन्द्र कश्यप, प्रदेश हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास निगम के उपाध्यक्ष संजीव कटवाल, हिमको फैडरेशन के अध्यक्ष रतन सिंह पाल, जिला सिरमौर भाजपा प्रभारी पवन गुप्ता, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य डाॅ.राजेश कश्यप, बीडीसी कण्डाघाट के अध्यक्ष विजय सिंह ठाकुर, भाजपा मण्डल सोलन के अध्यक्ष मदन ठाकुर, जिला भाजपा महामंत्री भरत साहनी, जिला परिषद सोलन की पूर्व अध्यक्ष शीला, वरिष्ठ भाजपा नेता रविन्द्र परिहार, पत्रकार एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।