कुनिहार : पटाबरावरी में आवारा बैल के हमले से एक 82 वर्षीय बुजुर्ग जख्मी, आईजीएमसी रैफर
रंजीत ठाकुर । कुनिहार
ग्राम पंचायत पटाबरावरी में कुछ दिनों पहले अज्ञात लोग रात को एक बैल व एक गाय को बेसहारा छोड़ गए, जो किसानों की फसल को तो नुकसान पहुंचा रहे हैं। साथ ही लावारिस बैल लोगों पर हमला कर घायल कर रहे हैं। यह जानकारी पूर्व बीडीसी सदस्य डीडी कश्यप ने दी। उन्होंने बताया कि यह बेसहारा छोड़े पशु लोगों की फसल बर्बाद कर रहे हैं। लोग जब इन्हें खेतों से हटाने की कोशिश करते हैं, तो यह लोगों के पीछे भागकर उनपर हमला कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि गांव पटाबरावरी के 82 वर्षीय बुजुर्ग किरपा राम पर भी इस आवारा बैल ने हमला कर दिया, जिन्हें गंभीर हालत में उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला ले जाना पड़ा।
इन बेसहारा पशुओं का पूरे क्षेत्र में खाैफ बना हुआ है। डीडी कश्यप व अन्य ग्रामीणों वन विभाग हिमाचल प्रदेश वर्ड लाइफ विंग तथा पशु पालन विभाग से आग्रह किया है कि इन बेसहारा पशुओं को शीघ्र पकड़कर गौ शाला में छोड़ा जाए, ताकि किसानों की फसल व जानमाल की सुरक्षा हो सके। डीडी कश्यप ने बताया कि स्थानीय विधायक विनोद सुल्तानपुरी को भी इसकी जानकारी दी है और इस समस्या का समाधान करने की मांग की गई है।
