दाड़लाघाट: स्वच्छता से संबंधित अहम बैठक का किया गया आयोजन
ग्राम पंचायत दाड़लाघाट में स्वच्छता से संबंधित एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पंचायत प्रधान बंसी राम भाटिया ने की। इस बैठक में सभी सदस्यों द्वारा की गई चर्चा में पाया गया कि स्थानीय लोग स्वच्छता के बारे में सजग नहीं रह गए हैं। शिव मंदिर नाले में व अन्य स्थानों पर कूड़े के ढेर देखे जा सकते हैं, जबकि सफाई कर्मचारी घर-घर जाकर कूड़ा एकत्रित करते हैं, तब भी कुछ लोग सफाई कर्मचारियों को कूड़ा न देकर नाले में फेंक देते हैं, जो सर्वथा असहनीय और नियमों के विरुद्ध है। बैठक में निर्णय लिया कि सभी लोग पूर्ववत कूड़ा सफाई कर्मचारियों को ही देंगे सभी लोग इस पंचायत को स्वच्छ रखने में अपना सहयोग देंगे, यदि कोई भी व्यक्ति सफाई कर्मचारियों को कूड़ा न देकर सड़क में या नालियों में फेंकता हुआ पाया गया, तो उसे पंचायती राज अधिनियम 1994 की धारा के तहत ₹1000 तक जुर्माना किया जाएगा। बैठक में पंचायत प्रधान बंसी राम भाटिया, उप प्रधान हेमराज ठाकुर, पंचायत सदस्य नीमचंद, कांता देवी ,मस्तराम, महेश, पिंकी, उमेश, विमला, अनुराधा, ललित गौतम, अमरदेव, शारदा, सचिव धनीराम, मीरा व पवन इत्यादि ने भाग लिया।
