छात्रों को प्रदेश में ही उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने को अनुराग ठाकुर हैं प्रतिबद्ध : भाजपा
हमीरपुर ज़िला भाजपा ने केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट अफ़ेयर्स राज्यमंत्री अनुराग सिंह ठाकुर का हिमाचल प्रदेश के देहरा व धर्मशाला में बनने वाले केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर के लिए वित्त मंत्रालय द्वारा कुल 740.79 करोड़ रुपए की मंज़ूरी देने के लिए आभार प्रकट किया है। रविवार को हमीरपुर से ज़ारी सयुंक्त प्रेस विज्ञप्ति में भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेव शर्मा, महामंत्री हरीश शर्मा व अभयवीर लवली, जिला मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त शर्मा, उपाध्यक्ष राज कुमार वर्मा, कैप्टन रंजीत सिंह, अनिल कौशल, ऊषा बिड़ला, पुष्पा ठाकुर, अदर्शकान्त, विकास शर्मा, राजकुमारी, बीना शर्मा, बीना कपिल, प्यारेलाल शर्मा, देशराज शर्मा, अजय रिंटू, तेजप्रकाश चोपड़ा, अर्जुन सिंह राणा, जीदीन, मदन लाल, कमलेश परमार, जग सिंह ठाकुर इत्यादि सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि अनुराग ठाकुर हिमाचल प्रदेश के छात्रों को प्रदेश के अंदर गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए साल 2010 से ही प्रदेश में केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए प्रयासरत हैं।
हिमाचल के छात्रों को अच्छी शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए राज्य से बाहर का रूख नहीं करना पड़ेगा क्योंकि केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री के प्रयासों से हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के देहरा विधानसभा एवं काँगड़ा के धर्मशाला में सी॰यू॰ निर्माण के लिए वित्त मंत्रालय ने प्रस्तावित 740.79 करोड़ रुपए की मंज़ूरी दे दी है । एक लंबे संघर्ष व इंतज़ार के बाद प्रदेश के लाखों छात्रों व हम सब का सपना साकार होने जा रहा है। इस मंज़ूरी के लिए हम केंद्रीय वित्तराज्यमंत्री अनुराग सिंह ठाकुर का आभार प्रकट करते हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल में केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए 2020-21 से तीन वर्षों की टाईमलाइन अर्थात् 2022-23 प्रस्तावित है जिसकी लागत कुल 740.79 करोड़ रुपए की राशि प्रस्तावित थी। 740.79 करोड़ रुपए की इस राशि में 512.37 करोड़ रुपए देहरा व धर्मशाला में स्थायी कैम्पस के निर्माण के लिए व 210.55 करोड़ रुपए रखरखाव पर खर्च होंगे। 2020-21 से 2022-23 की अवधि के दौरान बजट अनुदान से विश्वविद्यालय को 512.37 करोड़ की धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।