सोलन : आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका पद के लिए आवेदन आमंत्रित
फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन
बाल विकास परियोजना धर्मपुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा सहायिका के एक-एक रिक्त पद को भरने के लिए वाॅक-ईन-इन्टरव्यू 22 मार्च को प्रातः 10.00 बजे उपमंडलाधिकारी कार्यालय नालागढ़ के कार्यालय में आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी आज यहां एक विभागीय प्रवक्ता ने दी। उन्होंने कहा कि इन पदों पर सरकार द्वारा समय-समय पर निर्धारित मानदेय देय होगा। इच्छुक अभ्यर्थी 21 मार्च तक बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय धर्मपुर के कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। आवेदक वाॅक-इन-इन्टरव्यू के दौरान 22 मार्च को उपमंडलाधिकारी कार्यालय नालागढ़ में भी अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि बाल विकास परियोजना वृत बरोटीवाला के तहत आंगनबाड़ी केंद्र शेरा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा आंनगबाड़ी केंद्र कोटी में आंगनबाड़ी सहायिका का एक-एक पद भरा जाना है।
उन्होंने कहा कि इन पदों के लिए वही महिला उम्मीदवार पात्र हैं, जो संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के लाभांवित क्षेत्र में प्रथम जनवरी 2022 को सामान्य रूप से रह रहे परिवार से संबंध रखती हो। उम्मीदवार की आयु 21 से 45 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दस जमा दो उतीर्ण होनी चाहिए। आंगनबाड़ी सहायिका पद के लिए आठवीं उतीर्ण होनी चाहिए। आठवीं उतीर्ण शैक्षणिक योग्यता के उम्मीदवार उपलब्ध न होने की स्थिति में न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता पांचवी पास महिला के मामले में भी विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन पदों के लिए उम्मीदवार के परिवार की वार्षिक आय 35 हजार रुपए से अधिक नहीं होनी चाहिए। इस संबंध में उम्मीदवार को तहसीलदार अथवा नायब तहसीलदार द्वारा जारी तथा प्रतिहस्ताक्षरित प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
उन्होंने कहा कि आवेदक को आवेदन पत्र के साथ आयु, शैक्षणिक योग्यता, जाति, दिव्यांग, अनुभव, हिमाचली, परिवार रजिस्टर की नकल व अन्य योग्यता प्रमाणपत्रों की प्रमाणित प्रतियां साक्षात्कार के समय या इससे पूर्व जमा करवाने होंगे। उम्मीदवारों को पंचायत सचिव अथवा तहसीलदार से प्रतिहस्ताक्षरित स्थाई निवासी का प्रमाण पत्र लाना भी अनिवार्य है। आय प्रमाण पत्र तहसीलदार अथवा नायब तहसीलदार या इनसे अधिकर स्तर के अधिकारी प्रतिहस्ताक्षरित होना चाहिए। उम्मीदवारों को साक्षात्कार के दिन इन सभी प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियां अपने साथ लाना अनिवार्य है। इच्छुक पात्र महिला उम्मीदवार इन पदों के लिए समस्त प्रमाण पत्रों की सत्यापित छाया प्रतियों सहित बाल विकास परियोजना अधिकारी धर्मपुर के कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक उम्मीदवार नजदीक के आंगनबाड़ी केंद्र अथवा बाल विकास परियोजना अधिकारी धर्मपुर के कार्यालय दूरभाष नंबर 01792-264037 पर संपर्क कर सकते हैं।
