राष्ट्रीय विधायक सम्मेलन की बैठक में भाग लेने मुंबई पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष पठानिया

हिमाचल प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया 14 जून से 18 जून तक मुंबई में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय विधायक सम्मेलन के आयोजकों के साथ प्रारंभिक बैठक में भाग लेने के लिए आज सुबह पूणे से मुंबई पहुंचे। यह बैठक मुंबई स्थित बांद्रा-कूर्ला में जियो बर्ल्ड कन्वेशन सेंटर में पूर्वाह्न 11:00 बजे शुरू हुई। इस बैठक में एमआईटी (महाराष्ट्र इंस्टीच्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी) पूणे के संरक्षण और राजनीतिक दिग्गज शामिल थे। गौरतलब है कि राष्ट्रीय विधायक सम्मेलन का आयोजन एमआईटी पूणे द्वारा 14 से 18 जून तक जियो वर्ल्ड कन्वेशन सेंटर बांद्रा-कर्ला, मुंबई में किया जा रहा है। इस सम्मेलन में देश की सभी विधान सभाओं से तीन हजार से अधिक विधायकगण भाग लेंगे।
हिमाचल प्रदेश विधान सभा के करीब 40 विधायकगण भी इस सम्मेलन में भाग लेंगे। इस बैठक में महाराष्ट्र विधान सभा के अध्यक्ष राहुल नारवेकर, देश के पूर्व गृह मंत्री शिव राज सिंह पाटिल, महाराष्ट्र विधान सभा तथा विधान परिषद के सदस्य, कई राज्यों के पीठासीन अधिकारी तथा एमआईटी पूणे विश्व शांति विश्वविद्यालय के संरक्षक एवं संयोजक राहुल करड़ भी शामिल थे।
इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य जनता को सीधा विधानमंडल से जोड़ना तथा किस प्रकार विधान सभा की कार्रवाई की उत्पादकता बड़े और किस तरह से विधानसभा में सार्थक चर्चाओं का माहौल तैयार किया जा सके जैसे पहलुओं पर चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त चुने हुए प्रतिनिधियों को उनकी जिम्मेदारियों का एहसास करवाना तथा युवाओं को प्रजातांत्रिक प्रणाली की ओर आकर्षित करना जिससे देश का लोकतन्त्र मजबूत हो । इस अवसर पर पठानिया ने कहा कि सदन लोकतंत्र का सबसे बड़ा मंदिर है तथा जून महीने में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय विधायक सम्मेलन में हमें महत्वपूर्ण विषयों को चर्चा के लिए लाना होगा, ताकि आगे आने वाली पीढ़ी लोकतंत्र के महत्व को समझे और आम जन में इसके प्रति ओर अधिक विश्वास जागृत किया जा सके। पठानिया ने कहा कि राष्ट्रीय विधायक सम्मेलन का आयोजन इस दिशा में एक अहम कदम होगा तथा इसके देश हित में दूरगामी परिणाम होंगे।