स्पेन की राजधानी मैड्रिड पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष पठानिया
घाना की राजधानी अक्रा के कन्वेशन सेंटर में आयोजित 66वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन का गत सायं समापन हो गया है। गौरतलब है कि यह सम्मेलन 2 से 6 अक्तूबर तक आयोजित किया गया था। इस सम्मेलन में राष्ट्रमंडल में शामिल सभी देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। भारत की सभी राज्य विधान सभाओं के पीठासीन अधिकारियों ने भी इस सम्मेलन में भाग लिया।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सम्मेलन में लिंग कोटा-अंत का एक साधन विषय पर अपना संबोधन दिया तथा अक्रा कन्वेशन सेंटर में आयोजित सीपीए महासभा की बैठक में भी भाग लिया। सम्मेलन के दौरान कुलदीप सिंह पठानिया ने जहां रिपब्लिक ऑफ घाना के राष्ट्रपति नाना आडो दानिका अकूफो से शिष्टाचार भेंट की वहीं पार्लियामेंट ऑफ घाना के स्पीकर अलबन किंग्सफोर्ड सुमाना बेगबिन के साथ मुलाकात कर कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की तथा हिमाचल प्रदेश विधानसभा की ई-विधान प्रणाली, ई- निर्वाचन प्रबंधन तथा विधान सभा की कार्यप्रणाली तथा क्रियाकलापों बारे गहन चर्चा की।
पठानिया ने सम्मेलन में आयोजकों का धन्यवाद किया तथा कहा कि यह सम्मेलन एक ज्ञानवर्धक सम्मेलन था जहां अंतरराष्ट्रीय मंच पर सभी को अपने-अपने विचार व्यक्त करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ वहीं यह सीखने का एक सर्वोतम अवसर था। इस तरह के सम्मेलन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संबंधों को मजबूती प्रदान करते हैं तथा विश्व में शांति तथा एकता का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
सम्मेलन उपरांत विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया आगामी दौरे हेतु स्पेन तथा स्विटजरलैंड देशों के प्रवास पर रहेंगे। पठानियां स्पेन की राजधानी मैड्रिड, बार्सिलोना तथा स्विटजरलैंड के खूबसूरत शहर ल्यूर्सन तथा ज्यूरिख के अध्ययन प्रवास पर रहेंगे। कुलदीप सिंह पठानिया 16 अक्तूबर को इस्तांबुल से दिल्ली लौटकर स्वदेश वापसी करेंगे।
