दाड़लाघाट : चंडी (अर्की) स्कूल में अंडर-19 खेल प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को किया सम्मानित
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी (अर्की) में अंडर-19 खेल प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। नवगांव विद्यालय में आयोजित अंडर-19 खेलकुद प्रतियोगिता में चंडी विद्यालय के कबड्डी टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फाइनल में उपविजेता रहे।प्रधानाचार्य भूपेंद्र गुप्ता ने बताया की चंडी विद्यालय में पिछले काफी समय से डीपी का पद रिक्त है व लगभग 1 वर्ष से पीटी शिक्षक का पद भी रिक्त है। ऐसे में छात्रों को क्रीड़ा क्षेत्र में भी अवसर प्राप्त हो इसके लिए प्रवक्ता मैथ्स दिनेश कुमार व शास्त्री कमल कांत को यह जिम्मेदारी सौंपी गई, जिन्होंने बच्चों की तैयारी करवा कर उन्हें टूर्नामेंट में ले जाया गया। उन्होंने बताया कि वहां से उप विजेता के रूप में यह ऐसी परिस्थितियों में अत्यंत महत्वपूर्ण उपलब्धि विद्यालय की मानी जा रही है। उन्होंने कहा कि विगत 2 वर्षों से विद्यालय में विकास कार्य निरंतर चल रहे हैं, जहां एक ओर शैक्षणिक स्तर में बोर्ड मेरिट में छात्रों का पदार्पण हुआ। वहीं, क्रीड़ा के क्षेत्र में भी यह उपलब्धि विद्यालय की सर्वांगीणता को प्रदर्शित करती है। विद्यालय को हर क्षेत्र में प्रदेश भर में अग्रणी विद्यालय बनाने के लिए संपूर्ण विद्यालय परिवार एवं एसएमसी एकजुट होकर प्रयासरत है।
प्रधानाचार्य भूपेंद्र गुप्ता ने कहा कि ऐसी उपलब्धियों पर प्रत्येक छात्र का सम्मान होना अत्यावश्यक है। समय समय पर विद्यालय में जो भी उपलब्धि छात्र प्राप्त करते हैं, उसका विधिवत सम्मान करके सभी के लिए एक आदर्श स्थापित होता है एवं उस प्रतिभागी का प्रोत्साहन होता है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्रों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया तथा इनके प्रशिक्षक के रूप में दिनेश कुमार एवं कमलकांत को भी स्मृति चिन्ह एवं मैडल से सम्मानित किया गया। संपूर्ण विद्यालय में इस उपलब्धि का हर्षोल्लास है। इसी के साथ अंडर-14 प्रतियोगिता में गए प्रतिभागियों को भी मेडल से सम्मानित किया गया। विशेष रुप से 10वीं परीक्षा में प्रदेश भर में नवा स्थान प्राप्त करने वाली विद्यालय की छात्रा मीनाक्षी पुत्री कमलेश को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर यूथ पार्लिमेंट के प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय के उप प्रधानाचार्य रामस्वरूप गौतम ने सभी को स्पर्धा भावना जगाए रखने का आह्वान किया तथा हर स्तर पर विद्यालय का नाम अग्रणी रहे। इसलिए सभी का मिलकर प्रयास रहेगा। इस सम्मान समारोह में संपूर्ण विद्यालय परिवार एवं एसएमसी के सदस्य मौजूद रहे।
