शिमला में चिट्टा बेच रही थी महिला, पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पकड़ी
शिमला पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के पास से 40 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई है। यह कार्रवाई डाउनडेल, शिमला में की गई। पुलिस की स्पेशल सेल टीम 5 अप्रैल, 2026 को सदर थाना क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि रेखा (लगभग 40 वर्ष), जो मोलिजागरा, मनीमाजरा की निवासी है, कोडी बस्ती डाउनडेल, शिमला में हेरोइन बेच रही है।
सूचना मिलने के बाद टीम ने तुरंत कार्रवाई की। डाउनडेल में स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में एक महिला पुलिसकर्मी ने आरोपी रेखा के पर्स की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पर्स से 40 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ। बरामद मादक पदार्थ को विधिवत जब्त कर सील कर दिया गया और सभी कानूनी औपचारिकताएं मौके पर पूरी की गईं। इस संबंध में थाना सदर शिमला में 6 अप्रैल, 2026 को धारा 21 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी महिला को मादक पदार्थ रखने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।
