बद्दी : सिपेट बद्दी की प्रवेश परीक्षा 11 जून को
सोलन ज़िला के नालागढ़ उपमण्डल के बद्दी स्थित केन्द्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सिपेट) में विभिन्न डिप्लोमा एवं पोस्ट ग्रेस्जुएट डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए आनलाईन आवेदन की अंतिम तिथि 28 मई, 2023 है। सिपेट में तीन पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा। डिप्लोमा इन प्लास्टिक मोल्ड टेक्नोलाॅजी (डीपीएमटी), डिप्लोमा इन प्लास्टिक टेकनोलाॅजी (डीपीटी) तथा पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन प्लास्टिक्स प्रोसेसिंग एवं टेस्टिंग (पीजीडी-पीपीटी) में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा 11 जून, 2023 को आयोजित की जाएगी।
सभी पाठ्यक्रम युवाओं को बेहतर रोज़गार प्रदान करने में सक्षम हैं। इन पाठ्यक्रमों में 85 प्रतिशत सीटें हिमाचली उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं। तीन वर्ष की अवधि के डिप्लोमा इन प्लास्टिक मोल्ड टेक्नोलाॅजी (डीपीएमटी) तथा डिप्लोमा इन प्लास्टिक टेक्नोलॉजी (डीपीटी) पाठ्यक्रमों के लिए उम्मीदवार 10वीं कक्षा पास होना चाहिए। दो वर्ष के पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन प्लास्टिक्स प्रोसेसिंग एवं टेस्टिंग (पीजीडी-पीपीटी) पाठ्यक्रम में उम्मीदवार विज्ञान में 03 वर्ष की पूर्णकालीन डिग्री उपाधि प्राप्त होना चाहिए। सभी पाठ्यक्रमों में कोई आयुसीमा निर्धारित नहीं की गई है। तीनों पाठ्यक्रमों में 60-60 सीटें भरी जाएंगी।
