बद्दी फैक्टरी अग्निकांड : अब तक पांच लोगों की मौत, प्लांट प्रबंधक गिरफ्तार, एसआईटी गठित
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के झाड़माजरी में एक परफ्यूम बनाने वाली फैक्टरी में लगी आग पर शनिवार सुबह को नियंत्रण पा लिया गया है। अग्निकांड में अब तक पांच लोगों की मौत हुई है। लापता लोगों की तलाश के लिए एनडीआरएफ का सर्च अभियान जारी है। एनडीआरएफ की रेस्क्यू टीमों को कंपनी के अंदर से चार कामगारों के शव मिले हैं। पांच लोग अभी भी लापता हैं।
वहीं, घटना स्थल पर पहुंचे डीजीपी संजय कुंडू ने कहा कि मामले की विस्त़ृत जांच के लिए एसटीआई का गठन किया गया है। शुक्रवार रात को प्लांट प्रबंधक को गिरफ्तार किया और उसने स्वीकार किया कि घटना के समय इमारत के अंदर लगभग 85 लोग थे। इनमें से एक महिला की मौत हो गई। 30 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। 13 लोग लापता थे, जिनमें से 4 लोग के शव मिल गए हैं। अब लापता लोगों का पता लगाने के लिए ऑपरेशन चल रहा है।
उधर, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और बद्दी की मृतक महिला के प्रति शोक व्यक्त किया।