बद्दी : तकनीकी विभाग के सचिव डॉ. अभिषेक जैन ने किया सिपेट का दौरा
बद्दी स्थित भारत सरकार के केंद्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सिपेट) पांच वर्ष से हिमाचल प्रदेश में प्लास्टिक के क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा प्रदान कर रहा है, जिससे प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं। पिछले कल प्रदेश सरकार के तकनीकी विभाग के सचिव डॉ. अभिषेक जैन ने सिपेट का दौरा किया। उन्होंने सिपेट में चल रहे रहे विभिन्न कौशल उन्नयन प्रशिक्षण कार्यक्रम, दीर्घकालिक डिप्लोमा पाठ्यक्रम एवं तकनीकी सेवाएं गतिविधियों का मुआयना किया। इसके बाद सिपेट के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्रों की बैठक ली।
वहीं, सिपेट के निदेशक एवं प्रमुख डॉ. यूपी सिंह ने सचिव का स्वागत करते हुए सिपेट की गतिविधियों से अवगत कराया। डॉ. सिंह ने सचिव को विभिन्न क्षेत्रों में प्लास्टिक के उपयोग के विषय में जानकारी दी।
सचिव ने सभी को संबोधित करते हुए सिपेट की शैक्षणिक एवं तकनीकी सेवाओं की सराहना की। उन्होंने सिपेट में प्रदेश के युवाओं के लिए चलाए जा रहे विभिन्न कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रसंशा करते हुए छात्रों को दैनिक प्रशिक्षण के अतिरिक्त सॉफ्ट स्किल्स, सामान्य ज्ञान, स्वास्थ्य और समग्र व्यक्तित्व विकास पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।
सिपेट केंद्र प्रमुख ने सचिव से प्रदेश के छात्रों के लिए छात्रवृत्ति का प्रावधान करने का अनुरोध किया, ताकि हिमाचल प्रदेश के वंचित छात्रों को सिपेट में दीर्घकालिक डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश का अवसर मिल सके। इस अवसर पर आईटीआइ नालागढ़ से प्रिंसिपल अजीत शर्मा और आईटीआई पट्टा मेहलॉग से प्रिंसिपल नवनीत कुमार भी उपस्थित रहे।
