वाकनाघाट : बाहरा विवि और सनराइज यूथ क्लब ने चलाया स्वच्छता अभियान
फर्स्ट वर्डिक्ट। वाकनाघाट
हिमाचल को स्वच्छ और हरा-भरा रखना समय की मांग है। वर्तमान परिदृश्य में गिरावट के बीच बाहरा विश्वविद्यालय वाकनाघाट और सनराइज यूथ क्लब बसाल ने सोलन स्थित करोल पर्वत की ओर ट्रैक पर स्वच्छता अभियान चलाया। करोल चोटी 2240 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है और मनमोहक दृश्य लिए हुए सोलन की सबसे ऊंची चोटी है। पौराणिक मान्यता है कि यहां स्थित गुफा पांडवों के लिए हिमालय की ओर यात्रा के दौरान एक घर रही है। गर्मी के मौसम में हमेशा करोल पर्वत स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा है। यहां पहुंचने पर एक ताजगी का अहसास हाेता है। मगर साथ ही इसके कुछ दुष्परिणाम भी सामने आते हैं। अफसाेस है कि यहां आने वाले लोग कचरा फैलाते हैं। इस कारण यहां का वातावरण प्रदूषित हाे जाता है। इसकाे देखते हुए बाहरा विश्वविद्यालय वाकनाघाट और सनराइज यूथ क्लब बसाल ने यहां स्वच्छता अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत एक टन कचरा एकत्रित कर उसका निस्तारण भी किया गया। इस अभियान में लगभग 70 लोग जुटे।
बाहरा विश्वविद्यालय के पीआरओ ने कहा कि कीप हिमाचल क्लीन एंड ग्रीन बाहरा विश्वविद्यालय द्वारा एक अनूठी पहल है। हिमाचल देवी-देवताओं की भूमि है, अतः इसकाे स्वच्छ रखने के लिए हर व्यक्ति काे जागरूक हाेना चाहिए। इसी िदशा में यह एक सार्थक पहल है।इस पहल का उद्घाटन पिछले वर्ष स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने किया था। बाहरा विश्वविद्यालय ने छात्रों को प्रशिक्षित करने और उन्हें पर्यावरण से संबंधित मुद्दों से अवगत कराने के लिए स्कूलों और कॉलेजों के कम से कम 50 ईको क्लबों के साथ सहयोग किया है, ताकि आने वाली पीढ़ी इसे नैतिक जिम्मेदारी के रूप में ले और उनकी रक्षा करे। निदेशक एडमिशन एंड मार्केटिंग बाहरा विश्वविद्यालय, सनराइज युथ क्लब क्लब मोहित, हितेश एवं विवेक, छात्रों, कर्मचारियों एवं सदस्यों के साथ उपस्थित थे।
