बैजनाथ : बर्फ़ीले तूफान की चपेट में शहीद हुए हिमाचल के जवान

फर्स्ट वर्डिक्ट। बैजनाथ
अरुणाचल प्रदेश में रविवार को बर्फीले तूफान की चपेट में आने से सात जवान शहीद हो गए हैं। इनमें से दो जवान हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हैं। बिलासपुर घुमारवीं के 22 वर्षीय अंकेश भारद्वाज के बाद कांगड़ा जिला के बैजनाथ उपमंडल के 26 वर्षीय जवान राकेश सिंह ने भी देश के लिए अपनी शहादत दे दी है। राकेश की शहादत की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। राकेश करीब सात साल पहले सेना में भर्ती हुआ था। राकेश सिंह का कुछ समय पहले ही अंजली देवी से विवाह हुआ था और उनका छह माह का बच्चा भी है। छह माह की उम्र में ही मासूम के सिर से पिता का साया उठ गया है। राकेश के पिता जिगरी राम भी सेना से रिटार्यड हैं। बताया जा रहा है कि राकेश चार महीने पहले ही छुट्टी पर घर आया था।