मानसून के दौरान हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें: विधायक मलेंद्र राजन
संभावित बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं के मद्देनजर विधायक मलेंद्र राजन ने मंगलवार को राजकीय महाविद्यालय इंदौरा में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मानसून के दौरान प्रभावी आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का जायजा लिया गया।
विधायक मलेंद्र राजन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासन को बीबीएमबी अधिकारियों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने तथा पौंग डैम के जलस्तर पर लगातार नजर रखने को कहा। साथ ही निर्देश दिए कि यदि डैम से पानी छोड़ा जाए तो इसकी सूचना समय रहते पंचायत प्रतिनिधियों और प्रभावित क्षेत्रों के लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि किसी भी संभावित खतरे से पहले लोगों को सतर्क किया जा सके।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाइयों और चिकित्सा सामग्री का पर्याप्त भंडार रखने तथा खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग को जरूरत पड़ने पर आवश्यक खाद्यान्न एवं अन्य जरूरी वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सभी संबंधित विभागों को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार रहने को कहा गया।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा प्रबंधन को लेकर पूरी तरह गंभीर है और लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र की पंचायतों को आपदा प्रबंधन किट उपलब्ध करवाई गई हैं, ताकि आपदा के समय प्रारंभिक राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
बैठक में एसडीएम डॉ. सुरिंदर ठाकुर, डीएसपी संजीव यादव, एनडीआरएफ के कंपनी कमांडर धर्मेंद्र ठाकुर, तहसीलदार अपूर्व शर्मा, बीडीओ सुदर्शन सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक महाजन, विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता संदीप सानिहाल, जल शक्ति विभाग के एसडीओ अश्विनी कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, पंचायत प्रतिनिधि एवं आपदा मित्र उपस्थित रहे।
