दाड़लाघाट : भारतीय मजदूर संघ ने हर्षोउल्लास के साथ मनाया हिन्दू नववर्ष
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट
अंबुजा सीमेंट दाड़लाघाट में भारतीय मजदूर संघ के श्रमिकों एवं कर्मचारियों ने बहुत ही हर्षोउल्लास के साथ हिन्दू नववर्ष को मनाया। इस दौरान अंबुजा सीमेंट के समीप मंढोड देवता के मंदिर पहले भोग लगाया गया तथा उसके बाद अंबुजा एडमिन गेट के पास सभी को प्रसाद वितरित किया गया। इस कार्यक्रम में दोनों प्लांटों के सभी कर्मचारियों ने भाग लिया और प्रसन्नता प्रकट कर एक-दूसरे को बधाई दी। अंबुजा सीमेंट कर्मचारी संघ के प्रधान सुरेश कुमार ने संबोधित करते हुए कहा कि आज समाज पाश्चात्य संस्कृति की और अधिक आकर्षित हो रहा है और हम अपनी हिन्दू समाज की रीति नीति सभ्यता और संस्कृति को भूलते जा रहे हैं, जो कि अत्यंत चिंताजनक है। इसलिए अपनी संस्कृति को उजागर करने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम समय-समय पर होते रहने चाहिए।
अन्यथा आने वाली पीढ़ी का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा। अपनी सभ्यता और संस्कृति को जिंदा रखना है। इसलिए हम सभी को अपने उत्सव और त्यौहार को श्रद्धा से मनाना चाहिए और सभी को अपना समय देना चाहिए। अंत में अखिल भारतीय सीमेंट मज़दूर महासंघ के उपमहामंत्री ओमप्रकाश शर्मा ने मंढोड देवता की प्रबंधक कमेटी का धन्यवाद किया और सभी को हिन्दू नववर्ष की बधाई दी और कहा की नवरात्रि की शुभ बेला में हम सभी इस अम्बुजा उद्योग के प्रांगण संकल्प लेते हैं की अंबुजा सीमेंट दिन दुगुनी और रात चौगुनी उन्नति करें। इसके लिए हम सब तन मन औऱ ईमानदारी से काम करें। इस माैके पर मानव, संसाधन के महाप्रबंधक विशाल सिंह, उपमहाप्रबंधक पदमनाभ शर्मा, महामंत्री नरेश कुमार, रुवेश कुमार, बलदेव राज, मदन शर्मा, राकेश महाजन व अमरचंद शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने भाग लिया।
