बिलासपुर: नाके के दौरान 956 ग्राम चरस बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्वारघाट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर नाकेबंदी के दौरान एक ऑल्टो कार से 956 ग्राम चरस बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना स्वारघाट पुलिस की टीम ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर टनल नंबर-1 (कैंची मोड़) के दूसरे छोर, मैहला की ओर नाका लगाया हुआ था। इस दौरान फोरलेन से गुजरने वाले सभी संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही थी।
इसी बीच मनाली की तरफ से आ रही एक सफेद रंग की ऑल्टो कार (HP 65-6858) को पुलिस ने जांच के लिए रोका। शक के आधार पर जब वाहन की तलाशी ली गई, तो उसमें से 956 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कार चालक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान जुकव अली (39), पुत्र जुसव, निवासी गांव सनवाड़, डाकघर बथेरी, तहसील पधर, जिला मंडी के रूप में हुई है।
मामले की पुष्टि संदीप धवल ने की है। उन्होंने बताया कि थाना स्वारघाट में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि आरोपी यह चरस कहां से लेकर आया था और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था।
