बिलासपुर: कांग्रेस के नेता का बेटा चिट्टे के साथ गिरफ्तार, पिता ने पद से दिया इस्तीफा
बिलासपुर: पुलिस ने जिला में दो अलग-अलग जगहों पर 46.71 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। एक मामले में घुमारवीं ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी का बेटा भी शामिल है। बिलासपुर पुलिस की स्पेशल सेल ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर गरामोड़ के पास नाकेबंदी के दौरान टैक्सी से 45.60 ग्राम चिट्टा पकड़ा है। पुलिस स्पेशल सेल की टीम ने ये कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की है। जानकारी के मुताबिक गरामोड़ में नाकेबंदी के दौरान पंजाब की तरफ से आई टैक्सी को रोका। जांच करने पर पुलिस ने कार से चिट्टे की खेप बरामद की है। आरोपियों की पहचान 38 वर्षीय अनिल कुमार पुत्र जागीर सिंह निवासी पडयालग डाकघ दधोल तहसील घुमारवीं और 30 वर्षीय गौरव शर्मा पुत्र महेंद्र पाल निवासी दकड़ी तहसील घुमारवीं जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। अनिल कुमार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी घुमारवीं के पदाधिकारी का बेटा है। आराेपित घुमारवीं व जिले में चिट्टे के सबसे बड़े व्यापारी बताए जा रहे हैं। ये पिछले कई दिनों से पुलिस की राडार पर थे।
बेटे की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस पदाधिकारी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे में पदाधिकारी ने कहा कि उन्हें जैसे ही पता चला कि बेटा गलत कामों में पकड़ा गया है नैतिकता के आधार पर उन्होंने इस्तीफा देने का फैसला किया है, ताकि कानून निष्पक्ष होकर अपना काम करे और संगठन पर किसी तरह की आंच न आए। वहीं एक अन्य मामले में मंगलवार देर रात बिलासपुर शहर के डियारा सेक्टर निवासी रजत कुमार उर्फ सन्नी के घर से गुप्त सूचना के आधार पर 1.11 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। डीएसपी बिलासपुर मदन धीमान ने मामले की पुष्टि की है।
