बिलासपुर: चंदन तस्करों का कहर, रातों-रात 15 पेड़ों पर चली कुल्हाड़ी
बिलासपुर में मंगलवार रात अज्ञात वन कटुओं ने शहर के साथ लगते दनोह गांव में विभिन्न स्थानों पर चंदन के 10 से 15 पेड़ों पर कुल्हाड़ी चला दी। सुबह लोगों ने जब कटे हुए पेड़ खेतों में पड़े देखे तो क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार वन कटुए रात के अंधेरे का फायदा उठाकर एक दर्जन से अधिक चंदन के पेड़ काटकर फरार हो गए। खास बात यह है कि कुछ दिन पहले ही डीसी कार्यालय से मात्र 100 मीटर दूरी पर भी चंदन के पेड़ काटे गए थे, जिसके बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के बीचों-बीच इस तरह चंदन के पेड़ों की कटाई होना सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करता है। लोगों ने वन विभाग से मामले की गहन जांच कर तस्करों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मामले की सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी गई है और अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। लगातार हो रही चंदन चोरी की घटनाओं ने शहर में चिंता का माहौल बना दिया है।
