बिलासपुर: सरकारी नौकरी का झांसा देकर महिला से ठगे लाखों, खुद को बताया PWD इंजीनियर
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिला बिलासपुर के थाना कोट पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत श्री नैनादेवी क्षेत्र के घवांडल गांव में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने खुद को लोक निर्माण विभाग का इंजीनियर बताकर महिला से 4 लाख 56 हजार रुपए ठग लिए। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, घवांडल निवासी नीता देवी ने आरोप लगाया है कि फरवरी 2024 में राकेश कुमार निवासी चौपाल, जिला शिमला ने उनसे संपर्क किया। आरोपित ने स्वयं को लोक निर्माण विभाग में इंजीनियर बताते हुए उनके बेटे को सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर आरोपित ने महिला का विश्वास जीत लिया और अलग-अलग तिथियों में कुल 4 लाख 56 हजार रुपए अपने बताए गए बैंक अकाउंट में जमा करवा लिए। पीड़िता ने ये राशि अपने खाते के अलावा रिश्तेदारों के खातों से भी ट्रांसफर करवाई।
शिकायत में बताया गया है कि आरोपित पिछले दो वर्षों से नौकरी लगने की प्रक्रिया पूरी होने का आश्वासन देता रहा। वह कभी फाइल आगे बढ़ने की बात करता तो कभी नियुक्ति पत्र जारी होने का बहाना बनाता रहा। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो नौकरी मिली और न ही पैसे वापस किए गए, तो महिला को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ। हालात यहां तक पहुंच गए कि अब आरोपी पीड़िता के फोन कॉल तक रिसीव नहीं कर रहा है।
