शिमला : हिमाचल में विकास कराने में फेल रही भाजपा सरकार, केंद्रीय नेता गिना रहे झूठी उपलब्धियां-निर्मल शर्मा
महंगाई की मार से महिलाओं को रसोई चलाना हुआ मुश्किल
केंद्रीय मंत्री महिला सशक्तिकरण के कर रहीं झूठे दावे
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला
आम आदमी पार्टी महिला विंग की अध्यक्ष निर्मल ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में विकास कराने में पूरी तरह डबल इंजन की भाजपा सरकार फेल रही है। पांच वर्ष तक भाजपा के केंद्रीय नेता हिमाचल में विकास के लिए नहीं आए और अब चुनावों समय विकास के झूठे आंकड़े पेश कर जनता को गुमराह कर रहे हैं। निर्मल शर्मा ने केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी पर सवाल करते हुए कहा कि वह महंगाई के मुद्दे पर कोई बात नहीं कर रही हैं। महिला सशक्तिकरण के दावे करने वाली मीनाक्षी लेखी बताएं कि महंगाई की मार से परेशान महिला कितनी सशक्त हुई है। महंगाई के कारण महिलाओं को रसोई चलाना मुश्किल हो गई है। केंद्र की मोदी सरकार ने खाने पीने की चीजों दूध दही, आटा, चावल पर जीएसटी लगा दिया है, जिससे महिलाओं का जीना दूभर हो गया है। महिलाएं रसोई में खाने का प्रबंध मुश्किल से कर पा रहीं हैं। वहीं, मीनाक्षी लेखी दावा कर रहीं कि महिलाएं सशक्त हो रही हैं।
प्रदेश की जयराम सरकार पांच वर्ष विकास कराने में नाकाम रही है, जिससे अब जयराम ठाकुर को केंद्रीय नेताओं की जरुरत पड़ रही है कि वह प्रदेश की जनता को गुमराह करने के लिए आएं और विकास के झूठे आंकड़े पेश करें, लेकिन प्रदेश की जनता भाजपा के चुनावी जुमलों से गुमराह होने वाली नहीं है। जनता ने सरकार बदलने का मन बना लिया है और आम आदमी पार्टी ईमानदार विकल्प के रुप में जनता की पसंद बनी है। निर्मल शर्मा ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने में केंद्र व प्रदेश की सरकार पूरी तरह नाकाम रही है। लोकसभा चुनावों के समय भाजपा ने युवाओं से वादा किया था कि हर वर्ष 2 करोड़ युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। रोजगार देने का वायदा कितना पूरा किया, यह प्रदेश की जनता को मीनाक्षी लेखी का बताना चाहिए। बेरोजगारी से परेशान प्रदेश के युवा सरकार के खिलाफ सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं। प्रदेश में बेरोजगार युवाओं की संख्या 14 लाख के करीब पहुंच गई है।
जयराम सरकार प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने में नाकाम रहे हैं, लेकिन केंद्रीय मंत्री रोजगार के मुद्दे पर बात नहीं कर रही हैं। इसके साथ ही प्रदेश की शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था खस्ताहाल है। इस बारे में मीनाक्षी लेखी कोई बात नहीं कर रही है और झूठे आंकड़े पेश कर जनता को गुमराह कर रही है। प्रदेश की जनता भाजपा के दावों और वायदों से गुमराह होने वाली नहीं है। जनता देख रही है कि भाजपा चुनावों के समय वादा करती है और सत्ता में आने पर भूल जाती है।
