ज्वालामुखी : भाजपा सरकार जुमलों की है सरकार-निर्मला राणा

विनायक ठाकुर । ज्वालामुखी
महिला कांग्रेस की बैठक शनिवार को ज्वालाजी विधानसभा क्षेत्र के गांव धनोट में महिला ब्लॉक अध्यक्ष निर्मला राणा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस अवसर पर बैठक में प्रदेश कांग्रेस महिला सचिव रेणु बजवारिया भी मौजूद थी। बैठक में कांग्रेस की लोकहित में चलाई गई योजनाओं व नीतियों की जानकारी दी गई तथा आने वाले विधानसभा चुनावों पर भी चर्चा की ओर कार्यकर्ताओं को तैयार रहने को कहा। प्रदेश सचिव रेणु बजवारिया ने कहा कि वर्तमान भाजपा की प्रदेश व केंद्र की सरकार ने महंगाई करके लोगों की कमर तोड़ दी है। आज खाद्य पदार्थ पेट्रोल डीजल के दाम आसमान को छू रहे हैं। गृहणियों को घर चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जुमलो की सरकार है, जो कि जुमले सुना कर लोगों को खुश कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा कराए गए विकास कार्यों पर अपने नाम के फट्टे लगा कर अपना बता रहे हैं। वहीं, निर्मला राणा ने कहा भाजपा जो की विकास का झूठा ढिंढोरा पीट रही है, उस बारे में हम लोगों के बीच जाकर उन्हें बताएंगे कि कैसे जनहित के खिलाफ यह वर्तमान सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार ने जनहित में कोई भी कार्य नहीं किया। केवल गरीब की रोटी छीनी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी बड़ी है। यदि भाजपा के यही अच्छे दिन हैं, तो हमें यह दिन नहीं चाहिए। इस अवसर पर सुषमा, किरणबाला, अनुराधा, किरण देवी, सुनीता, रेखा, केसरी देवी, रोमा व मीना सहित अन्य भी मौजूद रही।