देहरा में भाजपा ने स्थापना दिवस पर सम्मानित किए पुराने कार्यकर्ता
भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस पर देहरा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. सुकृत सागर द्वारा पार्टी से जुड़े वरिष्ठ एवं ज्येष्ठ कार्यकर्ताओं के घर-घर जाकर उन्हें सम्मानित किया गया। इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं सहित उन्होंने भाजपा के वयोवृद्ध 96 वर्षीय कार्यकर्ता उत्तम तथा पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता गिरधर विशिष्ट को उनके निवास स्थान पर जाकर सम्मानित किया। इस मौके पर डॉ. सुकृत सागर ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके पुराने और समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। उनका सम्मान भाजपा के संस्कारों में है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी ऐसे सभी वरिष्ठ कार्यकर्ता, जो अब आयु अधिक होने अथवा स्वास्थ्य कारणों से सक्रिय नहीं हैं, उनका सम्मान किया जाएगा और उनके अनुभवों से सीख लेकर संगठन को और मजबूत बनाया जाएगा।
