भाजपा काँगड़ा की बैठक आयोजित, जिला अध्यक्ष चंद्रभूषण नाग ने की अध्यक्षता
भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक जिला कांगड़ा की एक वर्चुअल बैठक जिला अध्यक्ष चंद्रभूषण नाग की अध्यक्षता में हुई जिसमें जिला कांगड़ा के सभी चारों मंडलों के अध्यक्ष और पदाधिकारी व जिला के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस बैठक में नगरोटा के विधायक अरुण मेहरा, कांगड़ा के पूर्व विधायक संजय चौधरी, प्रदेश भाजपा सचिव वीरेंद्र चौधरी, जिला महामंत्री सचिन शर्मा व रमेश बराड़, मीडिया प्रभारी नारायण ठाकुर ने भी भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चंद्रभूषण नाग ने मोदी सरकार द्वारा पारित कृषि विधेयकों की सराहना की व इन्हें किसान हितेषी विधेयक बताया। नाग ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वह कांग्रेस द्वारा किए जा रहे भ्रामक दुष्प्रचार को लेकर किसानों और आम लोगों को इन विधेयकों की प्राथमिकताओं और विशेषताओं को बताएं।
इस बैठक को नगरोटा के विधायक अरुण मेहरा ने भी संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मोदी सरकार द्वारा पारित कृषि विधेयकों के दूरगामी परिणाम होंगे इससे किसानों की आय दुगनी करने का लक्ष्य भी मोदी सरकार हासिल करेगी।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष चंद्रभूषण नाग को कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक का निदेशक चुने जाने पर सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने बधाई दी।