भाजपा अध्यक्ष नड्डा सीएम से बोले-आप कोई भी मदद मांगो, केंद्र देगा
कहा- हिमाचल को एसडीआरएफ के तहत 200 करोड़ की एक और किस्त जारी
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने रविवार को भारी बारिश, बाढ़ एवं भूस्खलन के कारण हिमाचल प्रदेश में हुए भारी नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने समरहिल, शिमला में भारी बारिश के कारण हुए ध्वस्त प्राचीन शिव मंदिर स्थल का अवलोकन भी किया और शिमला एवं बिलासपुर में स्थानीय प्रशासन के साथ राहत, बचाव एवं पुनर्वास कार्यों पर चर्चा भी की। उनके साथ केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल भी थे। जेपी नड्डा ने मीडिया से बातचीत में कहा, 'मैंने आज सिरमौरी ताल एवं कच्ची ढांग में बादल फटने से उत्पन्न हुई स्थिति का जायजा लिया, शिमला में शिवबावड़ी और कृष्णा नगर में बाढ़ और भारी बारिश क्षेत्रों का दौरा भी किया। आपदा के कारण यहां काफी गमगीन माहौल है। यहां की स्थिति देख कर मेरा हृदय व्यथित और विह्वल है।Ó
नड्डा ने कहा कि हमने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया है कि किसी भी प्रकार की आर्थिक मदद चाहिए तो केंद्र हिमाचल प्रदेश के लिए कोई कमी नहीं रखेगा। केंद्र सरकार हर पहलू पर हिमाचल प्रदेश की मदद करेगी और अगर किसी भी प्रकार की कोई परेशानी आती है तो वे स्वयं मुझे भी बात कर सकते हैं। केंद्र सरकार सड़क, पुनर्वास, भवन पुनर्निर्माण और आम जनजीवन को पटरी पर लाने के लिए पूरी ताकत से कार्य करेगी।
नड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने रिलीफ मैनुअल के फंड के बारे में भी हम से चर्चा की है और इस फंड में भी हम किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने देंगे। हम बार-बार एक ही चीज कह रहे हैं कि आप हमें समस्या बताएं काम हम करेंगे, आप मदद मांगों केंद्र देगा, आप पैसा मांगो केंद्र देगा। नड्डा ने कहा कि हमने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया है कि किसी भी प्रकार की आर्थिक मदद चाहिए तो केंद्र हिमाचल प्रदेश के लिए कोई कमी नहीं रखेगा।
कहा- हमारे सभी सांसद हिमाचल प्रदेश की आपदा के लिए देंगे सांसद निधि का सारा पैसा
नड्डा ने कहा कि हमारे सभी सांसद अपना सारा सांसद निधि का पैसा हिमाचल प्रदेश की आपदा के लिए देंगे। नड्डा ने कहा कि संकट की इस घड़ी में राजनीति नहीं होनी चाहिए। आज का विषय मानवता का है, राजनीति का नहीं। हमारा सारा नेतृत्व पूरी ताकत के साथ जनता की सेवा में लगा हुआ है।
लोग बोले- होनी चाहिए जांच
जेपी नड्डा ने समरहिल और कृष्णानगर वार्ड का दौरा किया। शिव बावड़ी क्षेत्र में हुए नुकसान का जायजा लेने के बाद नड्डा ने आपदा प्रभावितों से बात की। स्थानीय निवासी संजीव भूषण और रूपन ने इस त्रासदी की जांच की मांग उठा दी। कहा कि इलाके में बादल फटा या फिर केंद्रीय संस्थान के रेन हार्वेस्टिंग टैंक से यह नुकसान हुआ, इसकी जांच होनी चाहिए। लोगों ने मंदिर के पुनर्निर्माण, प्रभावित परिवारों को मदद देने और पहाड़ों को भूस्खलन से बचाने के लिए मदद की मांग की।
