ज्वालामुखी : ओपीएस को लेकर भाजपा जनता में न फैलाएं भ्रम-संजय रत्न
विनायक ठाकुर । ज्वालामुखी
ज्वालामुखी के विधायक संजय रत्न ने कहा कि वर्तमान सरकार ने बजट का समुचित प्रावधान करने के बाद ही पुरानी पेंशन योजना लागू की है। संजय रत्न ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा चुनावों में प्रदेश के कर्मचारियों से ओपीएस को लागू करने का वादा किया था, जिसे प्रदेश सरकार ने अपनी पहली कैबिनेट में ही लागू करके पूरा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ओपीएस मसले पर कर्मचारियों को सिर्फ गुमराह ही करती आई है, जबकि वास्तविकता यह है कि प्रदेश में ओपीएस लागू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि अब जो भी कर्मचारी रिटायर होंगे, उन्हें ओपीएस के तहत पेंशन का प्रावधान होगा। संजय रत्न ने कहा कि अब तो केवल इसके लिए एसओपी व नियमों को अंतिम किया जा रहा है, जो कि एक सामान्य प्रक्रिया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को इसको लेकर भ्रम नहीं फैलाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रतिज्ञा पत्र की अन्य सभी गारंटियों को भी चरणबद्ध ढंग से पूरा किया जाएगा। संजय रत्न ने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार अपने वादों पर खरा उतरने में नाकाम रही है। पिछली सरकार ने वेतन आयोग की सिफारिशें तो लागू कर दीं, लेकिन कर्मचारियों व पेंशनरों को इसका देय बकाया भी नहीं दिया। इसके साथ ही महंगाई भत्ते की भी केवल घोषणा हो की और उनके कार्यकाल में कर्मचारियों को इसकी अदायगी भी नहीं हो सकी।
