प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बागा को बंद करने का ब्लॉक कांग्रेस ने किया विरोध
ब्लाॅक कांग्रेस अर्की ने प्रदेश सरकार द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बागा को बंद करने का विरोध किया है। ब्लाॅक कांग्रेस अर्की के अध्यक्ष रूप सिंह ठाकुर व मांगल पंचायत के प्रधान दीपचंद शर्मा ने संयुक्त ब्यान में प्रदेश सरकार के इस निर्णय का विरोध किया है।इनका कहना है कि इस पीएचसी की अधिसूचना पूर्व कांग्रेस सरकार में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने 11अक्तूबर 2017 को जारी की गई थी। लगभग 3 वर्षो तक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वास्थ्य सुविधा मिल रही थी।ग्राम पंचायत बेरल जोकि एक पिछड़े क्षेत्र में आती है व ग्राम पंचायत मांगल जहां अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी में हजारों ट्रांसपोर्टर और मजदूर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।जिन्हें स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए 50 किलोमीटर के अंदर कोई भी स्वास्थ्य केंद्र नहीं है।उपरोक्त स्वास्थ्य केंद्र के खुलने से दोनों पंचायतों की जनता और साथ लगते बिलासपुर क्षेत्र के लोगो को स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही थी। उन्होंने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार द्वारा 8 दिसम्बर 2020 को इस पीएचसी को बन्द करने के आदेश जारी किए हैं जो कि बहुत निंदनीय है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष का कहना है कि इस आदेश के विरोध में हम माननीय उच्च न्यायालय के समक्ष अपना पक्ष रखेंगे और सरकार के जन विरोधी निर्णय के खिलाफ धरना प्रदर्शन और चक्का जाम किया जाएगा।
