संगड़ाह : सड़क के मलबे से संगड़ाह ब्लॉक के दांथल स्कूल के रसोईघर की टूटी छत
शिक्षा विभाग व SMC द्वारा गत 21 जुलाई को ExEn संगड़ाह को दिया गया था ज्ञापन
फर्स्ट वर्डिक्ट। संगड़ाह
शिक्षा ब्लॉक संगड़ाह के अंतर्गत आने वाली प्राथमिक पाठशाला दांथल का भवन भारी बारिश के बाद निर्माणाधीन सड़क के मलबे से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। मलवे से जहां रसोईघर की छत टूट चुकी है। वहीं, अन्य हिस्से में भी दरारें आ चुकी हैं। शिक्षा विभाग के संबंधित कर्मचारियों व SMC द्वारा 21 जुलाई को पहली बार सिल्ट आने पर इस बारे लाेक निर्माण विभाग संगड़ाह के एक्सईएन को लिखित ज्ञापन अथवा शिकायत पत्र सौंपा गया था, मगर विभाग द्वारा सिल्ट रोकने के उपाय नहीं किए गए। स्कूल प्रबंधक यशपाल सिंह, BRCC मायाराम शर्मा, BEEO जोगिंद्र पुंडीर व SMC पदाधिकारियों ने ठेकेदार व विभाग से मुआवजे अथवा भवन की मुरम्मत की अपील की।
जानकारी के अनुसार उक्त सड़क की निर्धारित निर्माण अवधि वर्ष 2019 मे समाप्त हो चुकी है, मगर ठेकेदार द्वारा अब तक काम पूरा नहीं किया गया और नाली तथा पुलिया न बनने से गत रात्री भारी बारिश के बाद फिर मलवा स्कूल भवन पर आ धमका। किचन शेड गिरने से यहां बच्चों के लिए मिड-डे मील का काम भी बाधित है और भवन के अन्य हिस्से पर भी खतरा बना हुआ है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संगड़ाह रतन शर्मा ने कहा कि गत 21 जुलाई को शिकायत मिलने के बाद JCB मशीन भेजकर यहां स्कूल भवन को सिल्ट से बचाने की व्यवस्था की गई थी, मगर गत रात भारी बारिष से फिर मलवा आया, जिसे साफ करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ठेकेदार ने डेढ़ वर्ष पहले काम बंद कर दिया है और मामला आर्बिटेशन में है।
